Thursday , March 19 2026

सोनभद्र में मजदूर की हत्या: दौड़ा- दौड़ा कर लाठी से पीटा, खेत में खाद छिड़कने के विवाद में पीट- पीटकर ले ली जान

Sonbhadra News: जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के विसुंधरी गांव में मजदूर की लाठी से पीट- पीटकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

सोनभद्र जिले के घोरावल कोतवाली क्षेत्र के विसुंधरी गांव में एक मजदूर युवक की लाठी से पीट- पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में एक ही परिवार के छह लोग आरोपी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। मंगलवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मर्चरी हाउस भेज दिया।

 

ये है पूरा मामला
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के विसुंधरी गांव निवासी कन्हैया पुत्र स्व. जोखन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उसके पुत्र बाबूलाल (45) की गांव के ही कयर पुत्र शिवधानी और उसके परिजनों ने लाठी डंडे से पीट- पीटकर हत्या कर दी। कन्हैया ने बताया कि विसुंधरी गांव के ही कयर पुत्र शिवधानी ने अपना खेत घोरावल कोतवाली क्षेत्र के खुटहा गांव निवासी सीताराम के यहां रेहन रखा है। जिससे सीताराम उस खेत पर खेती करा रहा है।सोमवार को सीताराम ने बाबूलाल से खेत में खाद डालने के लिए बोला। इस पर बाबूलाल खेत में खाद छिटने लगा। इसी दौरान खेत स्वामी कयर वहां पहुंचा और बाबूलाल को खेत में खाद डालने से मना किया। कयर ने सीताराम से कहा कि वह किसी और से खाद छिटवाए, लेकिन बाबूलाल से काम न कराए। उधर, शाम को बाबूलाल अपने घर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान अपने घर के पास सड़क पर कयर, उसकी पत्नी लक्षनी, तीन पुत्रगण सुरेश, ओमप्रकाश व गोरख, उसकी बहू व अज्ञात ने लाठी डंडा लेकर बाबूलाल पर हमला कर दिया। बाबूलाल ने भागने का प्रयास किया लेकिन भाग नहीं सका।

हमलावरों ने दौड़ा- दौड़ाकर पीटा

आरोप है कि हमलावरों ने उसे दौड़ा- दौड़ा कर लाठी डंडे से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाबूलाल की आवाज सुनकर उसके परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो सभी आरोपी मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस द्वारा गंभीर रूप से घायल बाबूलाल को घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, घोरावल चौकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि मृतक बाबूलाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। कयर, उसकी पत्नी लक्षनी, तीन पुत्र सुरेश, ओमप्रकाश व गोरख, उसकी बहू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में एफआईआर दर्ज किया गया है। सभी आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …