नए साल पर बदल सकता है मौसम का मिजाज़, बढ़ सकता है ठंड
31/12/2022
1 minute read
नया साल शुरू होते ही राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। छिटपुट बादल छाने के साथ-साथ शीतलहर परेशान करेगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि एक जनवरी को रांची समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों के तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आएगी। इसके चलते ठंड का असर भी बढ़ जाएगा। वहीं, चार और पांच जनवरी को रांची समेत राज्य के कुछ अन्य हिस्सों में गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में इस समय उत्तर भाग से आ रही सर्द हवा असर डाल रही है। इससे सुबह के समय धुंध के साथ कनकनी बढ़ी हुई है। शुक्रवार को राज्य में खूंटी जिला सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 6.1 डिग्री तक नीचे चला गया। वहीं, रांची का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। जमशेदपुर को छोड़कर राज्य के विभिन्न हिस्सों का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। हालांकि दिन में धूप खिलने से थोड़ी राहत महसूस हुई।
आगामी कुछ दिनों में मौसम का हाल एकदम से बदलने वाला है। शीतलहर का कहर लोगों को झेलना पड़ सकता है। सूबे के कई हिस्सों में आज सुबह से ही इसका असर देखने को मिल रहा है। साल 2022 के आखिरी दिन आज मौसम में हो रहे बदलाव से अगले कुछ दिनों में हालत और बदलने की संभावना है और तापमान में भरी गिरावट दर्ज किए जाने के आसार हैं।