
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई की तारीफ करने के दौरान ऐसा शब्द इस्तेमाल किया, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया। व्हाइट हाउस में टेक्नोलॉजी क्षेत्र के दिग्गजों के साथ लंच के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने पिचाई को ‘मॉन्स्टर’ कहकर संबोधित किया। हालांकि, ट्रंप का यह संबोधन नकारात्मक संदर्भ में नहीं था। वह पिचाई की उपलब्धियों और उनके अपेक्षाकृत शांत सार्वजनिक व्यक्तित्व की तारीफ करते नजर आए।
दरअसल, व्हाइट हाउस में मंगलवार को टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कई बड़े अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक और लंच का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने सुंदर पिचाई को बोलने के लिए आमंत्रित किया। पिचाई जैसे ही अपनी बात शुरू करने लगे, ट्रंप ने बीच में ही उनकी ओर इशारा करते हुए उनकी तारीफ शुरू कर दी।
ट्रंप बोले- ‘यह आदमी एक मॉन्स्टर है’
ट्रंप ने सुंदर पिचाई की ओर देखते हुए कहा कि वह एक ‘मॉन्स्टर’ हैं और इसके बावजूद बहुत कम लोग उन्हें जानते हैं। ट्रंप ने कहा कि पिचाई का नाम टेक्नोलॉजी की दुनिया में बड़ा है, लेकिन वह दूसरे चर्चित टेक अरबपतियों और अधिकारियों की तरह लगातार सुर्खियों में नहीं रहते।
ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में कहा कि पिचाई के लिए यह कितनी शानदार स्थिति है कि वह इतने बड़े स्तर पर काम कर रहे हैं, लेकिन फिर भी लाइमलाइट से दूर रहते हैं। ट्रंप की टिप्पणी के दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच हल्का-फुल्का माहौल भी देखने को मिला।
इसके बाद ट्रंप ने पिचाई के नाम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लोगों को बस इतना जानना है कि उनका नाम सुंदर है। ट्रंप ने टेक्नोलॉजी क्षेत्र में मौजूद अन्य बड़े नामों की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये सभी दुनिया के बड़े लोग हैं, लेकिन हर किसी के बारे में आम लोगों को जानकारी नहीं होती।
पिचाई ने भी दिया मजेदार जवाब
ट्रंप की टिप्पणी के बाद सुंदर पिचाई ने भी माहौल को हल्का रखते हुए मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘मैं एक मॉन्स्टर हूं’ वाली बात की तुलना में यह कोई बेहतर टैगलाइन साबित होगी। पिचाई के इस जवाब पर वहां मौजूद लोगों का ध्यान फिर उनकी ओर गया।
ट्रंप और पिचाई की यह बातचीत इसलिए भी चर्चा में आ गई क्योंकि ‘मॉन्स्टर’ शब्द आम तौर पर किसी व्यक्ति के लिए तारीफ के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जाता। हालांकि, टेक्नोलॉजी और कॉर्पोरेट जगत में किसी बड़ी कंपनी या बेहद प्रभावशाली व्यक्ति के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल असाधारण प्रभाव या बड़े आकार को बताने के लिए किया जा सकता है।
व्हाइट हाउस में जुटे टेक्नोलॉजी के दिग्गज
यह पूरा घटनाक्रम व्हाइट हाउस में टेक्नोलॉजी क्षेत्र के कई बड़े नामों की बैठक के बाद सामने आया। बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में कई प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारी और टेक इंडस्ट्री से जुड़े दिग्गज शामिल हुए।
बैठक में एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई, ओपनएआई के प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन, अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस, एक्स के मालिक एलन मस्क, एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग, मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद थीं।

ट्रंप ने बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर बैठक का सीटिंग चार्ट भी साझा किया। इसमें जेन्सेन हुआंग को ट्रंप के दाईं ओर और एलन मस्क को उनके बाईं ओर बैठे दिखाया गया। इस हाई-प्रोफाइल बैठक के बीच सुंदर पिचाई को लेकर ट्रंप की यह टिप्पणी अब टेक्नोलॉजी और सोशल मीडिया जगत में चर्चा का विषय बन गई है।




