
गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी से सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। हाटीगांव इलाके के बसिष्ठपुर बाइलेन में 25 वर्षीय रिया तालुकदार का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को रिया के पति रामानुजन गोस्वामी पर हत्या का शक है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शव के साथ बेहद क्रूर तरीके से छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि रिया का सिर धड़ से अलग कर उसे काले पॉलीथीन में लपेटकर फ्रिज में छिपाया गया था।
घर से आने लगी तेज दुर्गंध, तब खुला खौफनाक राज
मामला तब सामने आया जब मंगलवार को आसपास रहने वाले लोगों को घर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। पड़ोसियों को कुछ अनहोनी का शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को रिया का शव मिला। जांच के दौरान कथित तौर पर फ्रिज के अंदर काले पॉलीथीन में उसका सिर भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, महिला की उंगलियां काटे जाने की बात भी शुरुआती जांच में सामने आई है।
पति-पत्नी के बीच हुई थी तीखी बहस
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि सोमवार को रिया और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसके बाद रामानुजन रात करीब 8 बजे घर से बाहर निकल गया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बहस के बाद घटनाक्रम किस तरह हत्या तक पहुंचा और वारदात को किसने अंजाम दिया।
पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि रिया की हत्या शव बरामद होने से करीब 24 से 48 घंटे पहले की गई होगी। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस पति की भूमिका समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कौन थी रिया?
मृतका की पहचान रिया तालुकदार के तौर पर हुई है। वह नूनमती इलाके की रहने वाली थी और गुवाहाटी के फैंसी बाजार स्थित एसी मार्केट इलाके के एक बुटीक में काम करती थी। रिपोर्ट के मुताबिक रिया के माता-पिता नहीं थे और उसके परिवार में उसका एक भाई है। इस घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
आरोपी पति की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से पुलिस रामानुजन गोस्वामी की भूमिका की जांच कर रही है। उसका पैतृक घर गौरीपुर में बताया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह फिलहाल कहां है और घटना के समय घर में क्या हुआ था। जांच एजेंसियां घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिस्थितियों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही हैं।
रिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस ने हत्या की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पति पर लगे आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में केवल एक व्यक्ति शामिल था या किसी अन्य की भी भूमिका थी। गुवाहाटी का यह मामला सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग घटना की पूरी सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।




