
मुंबई: अजय देवगन की सुपरहिट क्राइम-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ एक बार फिर सुर्खियों में है। ‘दृश्यम’ और ‘दृश्यम 2’ की सफलता के बाद अब दर्शकों को फिल्म की तीसरी और अंतिम कड़ी का इंतजार है। फिल्म को ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ के नाम से बताया जा रहा है। जैसे-जैसे फिल्म से जुड़ी जानकारियां सामने आ रही हैं, वैसे-वैसे इसकी स्टारकास्ट और कलाकारों की फीस को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
अभिषेक पाठक के निर्देशन में तैयार हो रही इस फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। पिछली दोनों फिल्मों में विजय का किरदार अपनी चालाकी और परिवार को बचाने की कोशिशों के चलते दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था। अब तीसरी फिल्म में कहानी को अंतिम निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय देवगन ने इस फिल्म के लिए करीब 18 से 22 करोड़ रुपये की फीस ली है।
श्रिया सरन को कितनी रकम मिली?
विजय सलगांवकर की पत्नी नंदिनी के किरदार में श्रिया सरन भी तीसरी फिल्म में वापसी कर रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें ‘दृश्यम 3’ के लिए करीब 1 से 1.5 करोड़ रुपये दिए गए हैं। नंदिनी का किरदार परिवार की परिस्थितियों में विजय के साथ मजबूती से खड़ा नजर आया था। ऐसे में तीसरी किस्त में भी उनके किरदार को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।
तब्बू की फीस भी करोड़ों में
फिल्म की कहानी में पुलिस अधिकारी मीरा देशमुख का किरदार निभाने वाली तब्बू की भूमिका बेहद अहम रही है। विजय सलगांवकर और मीरा देशमुख के बीच की टक्कर ने पिछली फिल्मों में सस्पेंस को काफी बढ़ाया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तब्बू को इस फिल्म के लिए 2.5 से 3.5 करोड़ रुपये फीस दी गई है।
रजत कपूर और इशिता दत्ता भी लौटेंगे
मीरा देशमुख के पति महेश देशमुख का किरदार निभाने वाले रजत कपूर भी तीसरे भाग का हिस्सा होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी फीस 40 से 70 लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।
वहीं अजय देवगन की बड़ी बेटी अंजू सलगांवकर का किरदार निभाने वाली इशिता दत्ता की भी वापसी हो रही है। उन्हें फिल्म के लिए करीब 50 से 80 लाख रुपये मिलने की जानकारी सामने आई है।
प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की नई एंट्री
‘दृश्यम 3’ में कुछ नए कलाकारों की एंट्री भी कहानी को नया मोड़ दे सकती है। अभिनेता प्रकाश राज फिल्म में इंद्रजीत नाम के किरदार में नजर आने की बात कही जा रही है। इसके अलावा जयदीप अहलावत भी फिल्म की स्टारकास्ट में शामिल हैं और कथित तौर पर वह राजवीर सिंह तोमर का किरदार निभाएंगे।

हालांकि, प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की फीस को लेकर अभी कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है। कलाकारों की फीस से संबंधित सभी आंकड़े मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं और मेकर्स या कलाकारों की ओर से इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि विजय सलगांवकर की कहानी का अंतिम अध्याय किस तरह सामने आएगा और क्या इस बार भी वह पुलिस को चकमा देने में कामयाब होंगे। इसी वजह से ‘दृश्यम 3’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।




