
भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले आगामी क्रिकेट दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, टिकटों की प्री-सेल शुरू होने के पहले 48 घंटे में ही 26 हजार से ज्यादा टिकट बिक गए। यह न्यूजीलैंड क्रिकेट की प्री-सेल में अब तक की रिकॉर्ड मांग बताई जा रही है।
भारतीय टीम का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीनों फॉर्मेट में कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें 5 टी-20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच शामिल हैं। भारतीय टीम करीब छह साल बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलती नजर आएगी। इससे पहले उसने 2019-20 में न्यूजीलैंड का दौरा किया था।
ईडन पार्क में टिकटों की सबसे ज्यादा डिमांड
टिकटों की सबसे ज्यादा मांग ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले व्हाइट-बॉल मुकाबलों को लेकर है। यहां सीरीज का चौथा टी-20 और पहला वनडे मुकाबला खेला जाएगा। फैंस इन मुकाबलों के टिकट तेजी से खरीद रहे हैं।
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में भी टिकटों की बिक्री ने रफ्तार पकड़ी है। करीब 9 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुरुआती दो टी-20 मैच 22 और 24 अक्टूबर को होंगे। इसी मैदान पर दौरे का दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक खेला जाएगा।
वेलिंगटन में भी फैंस का उत्साह
वेलिंगटन में होने वाले मुकाबलों के टिकटों की मांग भी मजबूत बनी हुई है। यहां हेनरी स्टेडियम में तीसरा टी-20 और दूसरा वनडे मुकाबला खेला जाएगा। वहीं पहला टेस्ट 19 नवंबर से सेलो बेसिन रिजर्व में शुरू होगा।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ मार्केटिंग एंड कमर्शियल ऑफिसर ग्लेन क्रिचली ने कहा कि शुरुआती दो दिनों की रिकॉर्ड बिक्री से साफ है कि फैंस भारत के खिलाफ मुकाबलों को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया के बड़े क्रिकेट सितारों को न्यूजीलैंड में लाइव देखने का यह फैंस के लिए खास मौका है।

टिकट की कीमतों में नहीं हुई बढ़ोतरी
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इस सीजन टिकटों की कीमत पिछले सीजन के स्तर पर ही रखी है। क्रिकेट नेशन एक्सेस कोड के जरिए कुछ टिकट 30 न्यूजीलैंड डॉलर से कम में भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा ग्रुप में मैच देखने वालों के लिए ‘द फोर’ और ‘द सिक्स’ पैकेज भी पेश किए गए हैं।
आम दर्शकों के लिए टिकटों की बिक्री 7 सितंबर से शुरू होगी। क्रिकेट नेशन के लिए साइन अप करने वाले फैंस को प्री-सेल में टिकट खरीदने का मौका और 15 फीसदी छूट मिलेगी।
यह दौरा वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भी भारतीय टीम के लिए अहम माना जा रहा है। वहीं, छह साल बाद न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज खेलना इस दौरे को और खास बना रहा है।




