टॉप न्यूज़राज्य

Mumbai Lift Tragedy : मुंबई में लिफ्ट हादसे में 12 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत से सनसनी

मुंबई में दर्दनाक हादसा: 10वीं मंजिल से गिरकर 12 वर्षीय बच्चे की मौत, लिफ्ट का दरवाजा अचानक खुलने से हुआ हादसा

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। नेहरू नगर स्थित शमीम टावर में 12 वर्षीय बच्चे की 10वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्चा लिफ्ट के पास खड़ा था और उसी से टेक लगाए हुए था। इसी दौरान लिफ्ट का दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह नीचे गिर गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लुका-छिपी खेलते समय हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के समय बच्चे बिल्डिंग में लुका-छिपी खेल रहे थे। मृतक बच्चा लिफ्ट के पास बने कोने में छिपा हुआ था और लिफ्ट के दरवाजे से टेक लगाकर खड़ा था। तभी अचानक लिफ्ट का दरवाजा खुल गया। पीछे सहारा न मिलने से बच्चा सीधे लिफ्ट शाफ्ट में जा गिरा और तीसरी मंजिल के पास गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

महीनों से खराब थी लिफ्ट, रहवासी पहले भी कर चुके थे शिकायत

बिल्डिंग के निवासियों ने दावा किया कि लिफ्ट में लंबे समय से तकनीकी खराबी बनी हुई थी। एक पड़ोसी ने बताया कि पिछले करीब सात महीनों से लिफ्ट सही तरीके से काम नहीं कर रही थी। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि हादसे के समय मंजिल पर बिजली भी नहीं थी, जिससे वहां अंधेरा था और दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई।

हादसे के बाद लोगों में आक्रोश

घटना के बाद बिल्डिंग के रहवासियों ने लिफ्ट के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि समय रहते खराबी दूर कर दी जाती तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मुंबई में लगातार सामने आ रहे हैं हादसे

मुंबई में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश के बीच हादसों का सिलसिला भी जारी है। हाल ही में मानखुर्द इलाके में एक इमारत का स्लैब गिरने से छह लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा जलभराव, पेड़ गिरने और जर्जर इमारतों से जुड़े कई मामले भी सामने आए हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते स्कूल-कॉलेज बंद हैं और सड़क, रेल व हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में शहर में सुरक्षा व्यवस्था और भवनों के रखरखाव को लेकर चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

Related Articles

Back to top button