देश

Nizamabad Murder : पत्नी ने टॉयलेट क्लीनर इंजेक्शन देकर पति की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार हुए

प्रेम प्रसंग में पति की हत्या, पत्नी ने टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन देकर उतारा मौत के घाट

निजामाबाद: तेलंगाना के निजामाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि पहले पति को बिल्डिंग से धक्का देकर मारने की कोशिश की गई, लेकिन वह बच गया। इसके बाद इलाज के दौरान पत्नी ने कैनुला के जरिए टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया की दवा का इंजेक्शन देकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मां की शिकायत से खुला पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, मृतक प्रशांत (35) खाड़ी देश में काम करता था। उसकी मां ने 1 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई कि 30 जून को बेटे की मौत की सूचना मिली, लेकिन उसकी मौत की परिस्थितियां संदिग्ध थीं। उन्होंने बहू संध्या पर हत्या का शक जताया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश

जांच में सामने आया कि संध्या (32) का अनिल (35) नाम के व्यक्ति से प्रेम संबंध था। दोनों को लगता था कि प्रशांत उनके रिश्ते में बाधा बन रहा है। इसलिए उन्होंने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई और इसमें वेंकटा साईं को भी शामिल किया।

पहले शराब पिलाई, फिर बिल्डिंग से धक्का दिया

पुलिस के अनुसार, 29 जून को वेंकटा साईं प्रशांत के घर पहुंचा। उसने पहले प्रशांत को जमकर शराब पिलाई और फिर बिल्डिंग से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद प्रशांत की जान बच गई।

इलाज के दौरान दिया टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन

घायल प्रशांत को पहले सरकारी अस्पताल और फिर निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे घर लाया गया। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान अनिल के कहने पर संध्या ने कैनुला के जरिए प्रशांत को टॉयलेट क्लीनर और एनेस्थीसिया की दवा का इंजेक्शन दे दिया। इसके बाद उसे खाट से नीचे धक्का दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद संध्या, अनिल और वेंकटा साईं को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button