बलरामपुर जिले में अवैध सागवान कटान के खिलाफ वन विभाग और सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बड़ी कार्रवाई की है। बनकटवा रेंज क्षेत्र के बेलवा दममार गांव के पास बिना परमिट सागवान की कटाई और परिवहन किए जाने की सूचना पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत भारी मात्रा में लकड़ी बरामद की।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार वन विभाग को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि बेलवा दममार गांव के पास अवैध रूप से सागवान के पेड़ों की कटान की जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग और SSB की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली, करीब 35 बोटा अवैध सागवान लकड़ी और एक आरोपी को पकड़ लिया।
रेंज कार्यालय लाया गया आरोपी
छापेमारी के बाद बरामद लकड़ी, ट्रैक्टर-ट्रॉली और पकड़े गए आरोपी को बनकटवा रेंज कार्यालय लाया गया। वन विभाग ने जब्त लकड़ी को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन क्षेत्राधिकारी शत्रुघ्न लाल ने बताया कि बिना परमिट सागवान की कटान और परिवहन किए जाने के मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
वन विभाग की टीम अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध कटान में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
वन विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति पेड़ों की कटाई और लकड़ी का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अवैध कटान पर विभाग सख्त
वन विभाग लगातार अवैध कटान और लकड़ी तस्करी पर निगरानी बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि जंगल और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि अगर कहीं अवैध कटान की जानकारी मिले तो तुरंत विभाग को सूचित करें।
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal