Saturday , May 16 2026

Uttar Pradesh News – कानपुर देहात में मिलावटखोरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 4000 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल बरामद

कानपुर देहात में मिलावटखोरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4000 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल बरामद किया है। रनिया थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से मिलावट का बड़ा नेटवर्क उजागर होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त छापेमारी में मौके से 20 ड्रम संदिग्ध तेल बरामद किया गया। खाद्य रसद विभाग ने तेल के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उत्तर प्रदेश में मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कानपुर देहात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देश पर रनिया थाना क्षेत्र में संयुक्त टीम ने बड़ी छापेमारी की।

बताया जा रहा है कि प्रेम नगर और मंटोरा पुल के पास फ्रंटियर कंपनी के समीप संदिग्ध खाद्य तेल के भंडारण और सप्लाई की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर एसओजी, सर्विलांस और रनिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वहां भारी मात्रा में खाद्य तेल से भरे ड्रम मिले।

पुलिस ने मौके से करीब 20 ड्रमों में भरा लगभग 4000 लीटर संदिग्ध खाद्य तेल बरामद किया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह तेल मिलावटी हो सकता है और इसे बाजार में सप्लाई करने की तैयारी थी। छापेमारी के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई की सूचना मिलते ही खाद्य रसद विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने संदिग्ध खाद्य तेल के नमूने लेकर उन्हें लैब जांच के लिए भेज दिया है। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह अभियान एडीजी कानपुर जोन, डीआईजी कानपुर रेंज और एसपी कानपुर देहात के निर्देशन में चलाया जा रहा है। जनपद में मिलावटखोरी और नकली खाद्य पदार्थों के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है ताकि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जा सके।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि किसी बड़े गिरोह या सप्लाई नेटवर्क का खुलासा होता है तो उससे जुड़े अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बड़ी कार्रवाई के बाद मिलावटखोरों में हड़कंप का माहौल है।

Check Also

ReadyMade Garments Shop- नीमगांव में भीषण आग से तीन दुकानें राख, 30 लाख का नुकसान

लखीमपुर खीरी जिले के Neemgaon थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच …