
उन्नाव में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला, जब सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन का स्पष्ट संदेश सामने आया कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दरअसल मामला उन्नाव जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र के ग्राम गदनखेड़ा का है। यहां गाटा संख्या 928 की बेशकीमती सरकारी ऊसर भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही थी। आरोप है कि सुनीता सोनकर और उनके पुत्रों द्वारा घर की दीवार तोड़कर सरकारी भूमि में अवैध रूप से प्रवेश करते हुए कब्जा करने का प्रयास किया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने मौके पर बुलडोजर चलवाकर अवैध निर्माण को हटाया और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से खोला गया दरवाज़ा भी तत्काल बंद करा दिया गया, ताकि दोबारा किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो सके। मौके पर नायब तहसीलदार, राजस्व अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही ग्रामीणों को चेतावनी दी गई कि वे किसी के बहकावे में आकर सरकारी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश न करें।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में प्रशासन की सख्ती की चर्चा बनी हुई है और लोगों में यह संदेश गया है कि अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन पूरी तरह गंभीर है।
उन्नाव प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी संपत्ति की सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।




