📍 कासिमाबाद (गाजीपुर)
उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर कासिमाबाद स्थित एक मैरिज हॉल में अपने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने पहुंचे। बैठक का मुख्य उद्देश्य 2027 के विधानसभा चुनाव और आगामी पंचायत चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा करना रहा। इस दौरान उन्होंने SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के ड्राफ्ट जारी होने के बाद मतदाता सूची में नाम बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कार्यकर्ताओं को साफ शब्दों में कहा कि अगर पार्टी और संगठन को मजबूत करना है, तो अभी से अपने विपक्षियों की पहचान शुरू कर दें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा न हो कि चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद जब क्षेत्र में जाएं, तो लोग आपको दूर से देखकर ही बहिष्कृत कर दें।
बैठक के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बताया कि एसआईआर के ड्राफ्ट आने के बाद एनडीए के सभी घटक दलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नए मतदाताओं को जोड़ने का कार्य करें। यह अभियान 6 जनवरी से 6 फरवरी तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इसी जानकारी को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने के लिए वह स्वयं बैठक कर रहे हैं।
ओमप्रकाश राजभर ने बताया कि जहुराबाद विधानसभा क्षेत्र में करीब 11 हजार मृतक मतदाता पाए गए हैं, जिन्हें मतदाता सूची से हटाया जाना आवश्यक है। इसके साथ ही नए योग्य मतदाताओं के नाम जोड़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए उस बयान पर भी ओमप्रकाश राजभर ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने भारतवर्ष की परिभाषा में भारत के साथ बांग्लादेश और पाकिस्तान का उल्लेख किया था। इस पर राजभर ने कहा कि
“भारत में ऐसे लोग भी हैं, जो बांग्लादेश और पाकिस्तान को पसंद करते हैं, इसलिए इस संदर्भ में ऐसा कहा गया है।”
पश्चिम बंगाल में ईडी की छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा फाइल लेकर जाने के सवाल पर ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि ईडी और सीबीआई स्वतंत्र एजेंसियां हैं और वे अपने स्तर पर स्वतंत्र रूप से काम करती हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों का काम हमेशा सरकार पर उंगली उठाना होता है, जबकि उन्हें चाहिए कि वे जांच एजेंसियों के काम में सहयोग करें, न कि बाधा उत्पन्न करें।
ओमप्रकाश राजभर
पंचायती राज मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार
Hind News 24×7 | हिन्द न्यूज़ Latest News & Information Portal