Friday , March 20 2026

लविप्रा ने व्यावसायिक संपत्तियों की नई दरे की तय, इन संपत्तियों की होगी नीलामी

गोमतीनगर सहित कई क्षेत्रों में महीनों बाद व्यावसायिक संपत्तियां खरीदने का इंतजार कर रहे लोगो के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण 200 से अधिक व्यावसायिक संपत्तियों की जल्द ही ई-नीलामी करने जा रहा है। लविप्रा 200 वर्ग मीटर से कम क्षेत्रफल वाले भूखंड और दुकानें बेचेगा। यह संपत्तियां पहले से 20 प्रतिशत तक महंगी होगी। लविप्रा ने व्यावसायिक संपत्तियों की नई दर तय भी कर दी है। अगले सप्ताह इन संपत्तियों की ई नीलामी की जाएगी।

एलडीए की विभूतिखंड में व्यावसायिक संपत्तियों की सबसे अधिक डिमांड है। इसके साथ सीजी सिटी और जानकीपुरम में भी लविप्रा की व्यावसायिक संपत्तियां हैं। इन व्यावसायिक संपत्तियों की समीक्षा पिछले दिनों ही मण्डलायुक्त डा. रोशन जेकब ने की थी। मण्डलायुक्त ने इन संपत्तियों की नई सिरे से दर तय करते हुए उनकी नीलामी को इन्वेस्टर समिट व अन्य तरीकों से देश भर में ब्रांडिंग के बाद करने के आदेश दिए थे। मण्डलायुक्त के आदेश के बाद लविप्रा के अफसरों ने अपनी व्यावसायिक संपत्तियों का ऑडिट करवाया था। ऑडिट के बाद करीब 200 व्यावसायिक संपत्तियां ई-नीलामी के लिए निकली थी।

इनकी बिक्री दर नए सिरे से तय की जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के वित्त नियंत्रक दीपक सिंह को इसकी फ़ाइल भेजी गई है। इसी सप्ताह नई दर का अनुमोदन होते ही अगले सप्ताह इनकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ई नीलामी से लविप्रा को 1500 करोड़ रुपए की आमदनी की उम्मीद है। साथ ही 200 वर्गमीटर से बड़े भूखंडों के लिए मल्टीनेशनल कंपनियों से भी संपर्क किया जा रहा है। इसकी ब्रांडिंग के लिए जल्द ही एलडीए जल्द ही कार्य योजना तैयार करेगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डा. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि व्यावसायिक संपत्तियों की नई दरें तय हो गई हैं। इनकी जल्द ही ई नीलामी की जाएगी। इस बार पहले की अपेक्षा अधिक भूखंड और दुकान शामिल की गई हैं।

Check Also

awareness against child marriage-औरैया में प्रशासन की कार्रवाई, नाबालिग लड़का-लड़की की शादी रुकवाई

उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां प्रशासन की …