Saturday , March 21 2026

बरेली: रुहेलखंड में बढ़ेगा सियासी पारा, बरेली-बदायूं में अमित शाह की रैली आज

लोकसभा चुनाव को लेकर रुहेलखंड में गर्मी के साथ सियासी पारा भी बढ़ता जा रहा है। आज बरेली, बदायूं और आंवला लोकसभा क्षेत्र के लिए दिग्गज नेता चुनाव प्रचार करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह और सपा मुखिया अखिलेश यादव आज चुनावी रैलियां करके सियासी तापमान को बढ़ाएंगे।

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार को बरेली और बदायूं लोकसभा के सियासी रण में माहौल गर्माएंगे। वह पहले बरेली के हार्टमैनरामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से बदायूं के लिए रवाना हो जाएंगे। बदायूं के इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान में अमित शाह की सभा होगी। वहीं बदायूं और आंवला में सपा मुखिया अखिलेश यादव जनसभा करेंगे।

गृहमंत्री अमित शाह सुबह 10 बजे त्रिशूल एयरबेस आएंगे। यहां से सड़क मार्ग के जरिये बरेली में वह जनसभा स्थल पहुंचेंगे। भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार के समर्थन में रैली करने के बाद बदायूं रवाना होंगे। शाह के आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उधर, भाजपा पदाधिकारियों ने भी जनसभा स्थल से लेकर भीड़ आदि के जुटाने की व्यवस्था को लेकर कई चरणों में बैठकें की।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी आज शहर में
आंवला लोकसभा में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बृहस्पतिवार को बरेली आएंगे। वे दोपहर करीब 12.30 बजे इन्वर्टिस विश्वविद्यालय में जनसभा को संबोधित करेंगे। आंवला से भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कश्यप के समर्थन में रैली के लिए डिप्टी सीएम दोपहर 11.50 बजे त्रिशूल एयरबेस आएंगे और यहां से सड़क मार्ग से आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे। वहां से वह लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।

आंवला और बदायूं में जनसभा करेंगे अखिलेश
सपा मुखिया अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को आंवला और बदायूं लोकसभा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा करेंगे। वे दोपहर 12.15 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिये बदायूं के बहेड़ी जाएंगे। एआरटीओ ऑफिस के सामने मैदान में वह सपा प्रत्याशी आदित्य यादव के समर्थन में जनसभा करेंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से देवचरा बाजार के सामने मैदान में आंवला सपा प्रत्याशी नीरज मौर्य के समर्थन में रैली करने पहुंचेगे।

Check Also

crowd management police-नवरात्रि के पहले दिन देवीपाटन मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

नवरात्रि के पावन पर्व की शुरुआत के साथ ही बलरामपुर स्थित देवीपाटन मंदिर में श्रद्धालुओं …