Sunday , March 22 2026

क्यों नाराज़ हुआ अजय देवगन की फिल्म Thank God से कायस्थ समाज, जाने वजह

अजय देवगन की आने वाली फिल्म ‘थैंक गॉड’ (Thank God) मुश्किलों में फंसती दिख रही है। फिल्म का ट्रेलर जब से आया इसका विरोध किया जा रहा है। फिल्म पर कथित तौर पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लग रहे हैं। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाने में छत्तीसगढ़ कायस्थ समाज के लोगों ने फिल्म के कलाकार और निर्माताओं के खिलाफ शिकायत की है। समाज के लोगों ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर चित्रगुप्त और हिंदू धर्म के भगवान यम का मजाक कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। समाज के लोगों ने अजय देवगन का पुतला भी फूंका। कायस्थ समाज के संजय श्रीवास्तव ने कहा कि एक फिल्म का निर्माण हुआ है, जिसका ट्रेलर अभी यूट्यूब चैनल पर दिखाया जा रहा है। उस फिल्म का नाम ‘थैंक गॉड’ है। उसमें चित्रगुप्त का किरदार कलाकार अजय देवगन ने निभाया है। फिल्म के माध्यम से कायस्थ समाज के आराध्य देव हैं, ईष्ट देव हैं का अपमान किया गया है। भगवान श्री चित्रगुप्त का अपमान उस फिल्म में दिखाया जा रहा है। हमारे ईष्टदेव का वस्त्र अलग होता है। उनको शूटबुट में दिखा करके स्त्रियां उनके साथ नाचती दिखाई जा रही है। चुटकुले और गलत प्रकार के संवाद उनके मुख से फिल्म में प्रसारित किया जा रहा है। समाज ने कहा कि सेंसर बोर्ड फिल्म को सर्टिफिकेट न दें, क्योंकि इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। FIR दर्ज करने सिविल लाइन थाने में शिकायत  संजय श्रीवास्तव सहित समाज के लोगों ने कहा कि भारत के अंदर किसी व्यक्ति को यह अधिकार नहीं है कि किसी धर्म विशेष के ईष्टदेव का अपमान किसी भी माध्यम से करें। बॉलीवुड के फिल्मों में हिन्दू देवी-देवताओं का अपमान हो रहा है। भगवान श्रीचित्रगुप्त का अपमान हो रहा है। इस विषय को लेकर कायस्थ समाज में न केवल रायपुर छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के अंदर में नाराजगी है। हमारी आस्था पर बॉलीवुड के कलाकारों द्वारा चोट किया जा रहा है। हमारी आस्था पर प्रहार हो रहा है। संजय श्रीवास्तव ने बताया कि कायस्थ समाज ने विरोध में सिविल लाइन थाने में शिकायत की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस पर ध्यान देने की जरूरत है। कायस्थ समाज का मानना है कि किसी भी जाति, धर्म विशेष का अपमान नहीं होना चाहिए।  

Check Also

public distribution system India-बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों ने की शिकायत

बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश बहराइच जिले के नानपारा तहसील …