Sunday , March 22 2026

एलजी ने सीएम केजरीवाल को पत्र लिख कर संवैधानिक कर्तव्यों से भागने का लगाया आरोप

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लिखे एक पत्र में उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन पर और उनके मंत्रियों पर प्रशासनिक जिम्मेदारी और संवैधानिक कर्तव्यों से भागने का आरोप लगाया है। सात अक्टूबर को लिखे पत्र में सक्सेना ने केजरीवाल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘भाषण और विज्ञापन’ पर आधारित शासन बुनियादी जनहित के कार्यों से अलग है। सक्सेना का पत्र उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप करने और उसके फैसलों पर ‘असंवैधानिक रूप से’ जांच बैठाने का आरोप लगाने के कुछ दिनों बाद आया है। सक्सेना को करारा जवाब देते हुए केजरीवाल ने शनिवार को एक ट्वीट में कहा, ‘आज एक और लव लेटर आया है।’ केजरीवाल ने इससे पहले भी एक ट्वीट में उपराज्यपाल पर कटाक्ष करते हुए कहा था, ‘एलजी साहब जितना मुझे डांटते हैं, उतना तो मेरी पत्नी भी नहीं डांटती।’ उपराज्यापल ने कहा कि उनके पत्र और निर्देश सरकार को उसके कामकाज में ‘त्रुटियों और कमियों’ के खिलाफ आगाह करने के लिए थे, फिर भी उन पर व्यक्तिगत रूप से हमला किया गया और ‘निराधार आरोपों’ के तहत उन्हें निशाना बनाया गया। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उपराज्यपाल ने आबकारी नीति (अब समाप्त हो चुकी) की जांच, एक कार्यक्रम में राष्ट्रपति की उपस्थिति में केजरीवाल या उनके मंत्रियों की अनुपस्थिति, बिजली सब्सिडी, शिक्षकों की भर्ती समेत कईं अन्य बिंदुओं की जांच के संबंध में अपने निर्देशों के बारे में पूछा कि ‘इन सभी मामलों की जांच के आदेश देने में वह कहां गलत थे।’  

Check Also

public distribution system India-बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों ने की शिकायत

बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश बहराइच जिले के नानपारा तहसील …