Thursday , March 19 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ वर्ष के अपने कार्यकाल में देश से गरीबी मिटाने का काम किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नौ वर्ष के अपने कार्यकाल में देश से गरीबी मिटाने का काम किया। जबकि उससे पहले की कांग्रेस सरकारों ने देश के गरीबों से छलावा कर, उन्हें मिटाने का काम किया। राजपुर रोड स्थित एक होटल में भाजपा ने मीडिया से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस का जमकर आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय में योजनाएं व्यक्तिगत हितों को ध्यान में रखकर बनाई जाती थीं। लेकिन मोदी सरकार का नौ साल का कार्यकाल सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए समाज के हर वर्ग के लोगों के लिए तमाम योजनाएं शुरू कीं। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पटल पर अलग पहचान बनी है। विदेश यात्राओं में जिस तरह उनका सम्मान होता है, वह केवल प्रधानमंत्री का नहीं बल्कि हर भारतीय का सम्मान है। कहा कि पीएम मोदी के सहयोग से उत्तराखंड ही नही, बल्कि देश प्रगति के पथ पर है। पीएम मोदी ने बदली देश की तस्वीर: बालियान केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले नौ साल में देश ने कई उपलब्धियां हासिल कीं। उन्होंने कहा, जब केंद्र में मोदी सरकार आई थी तब भारत विश्व की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यस्था थी। आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। पीएम मोदी ने देश की तस्वीर बदलकर दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ाया है। संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजीव बालियान ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने वीडियो प्रस्तुतिकरण के माध्यम से वर्ष 2014 से पहले और उसके बाद से अभी तक देश में हुए कार्यों का तुलनात्मक ब्योरा पेश किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों की सेवा, नारी सशक्तिकरण, वंचितों का सम्मान, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, तकनीकी विकास व पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किए हैं। बालियान ने कहा-केंद्र ने पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज, 11.88 करोड़ लोगों को नल से जल, स्वच्छ भारत अभियान के तहत 11.72 करोड़ शौचालयों का निर्माण, 48.27 करोड़ जन-धन खाते और तीन करोड़ से अधिक परिवारों को आवास दिए हैं। साथ ही 11 करोड़ से अधिक किसानों को छह हजार रुपये सालाना पीएम किसान सम्मान निधि दी वहीं लोगों के निशुल्क इलाज पर 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बजट खर्च किया।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …