Wednesday , March 18 2026

महराजगंज में भाजपा कार्यकर्ताओं का उग्र विरोध, राहुल गांधी का पुतला दहन

महराजगंज।
बिहार चुनाव को लेकर चल रही सियासत दिन-ब-दिन गरमाती जा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की “वोटर अधिकार यात्रा” के बीच बयानबाज़ी ने नया मोड़ ले लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता पर राहुल गांधी द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी से भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया।

इसी कड़ी में सोमवार को महराजगंज के गांधी चौक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्रित हुए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। नाराज़ कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूँककर अपनी कड़ी नाराज़गी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राहुल गांधी ने राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़कर प्रधानमंत्री की माता पर टिप्पणी कर न केवल देश की संस्कृति का अपमान किया है, बल्कि हर उस भारतीय की भावनाओं को ठेस पहुँचाई है, जो माँ को सर्वोच्च सम्मान देता है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि चुनावी माहौल में इस तरह की बयानबाज़ी जनता को गुमराह करने और समाज में भ्रम फैलाने की साजिश है। उन्होंने राहुल गांधी से अविलंब सार्वजनिक माफी की मांग की। साथ ही यह चेतावनी भी दी कि यदि कांग्रेस नेता ने अपनी टिप्पणी वापस नहीं ली, तो प्रदेशभर में और भी उग्र आंदोलन चलाया जाएगा।

गांधी चौक पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाज़ी करते हुए कांग्रेस नेतृत्व को आड़े हाथों लिया और जनता से अपील की कि आने वाले चुनाव में ऐसे नेताओं को करारा जवाब दें।

महराजगंज में हुए इस विरोध प्रदर्शन ने साफ संकेत दे दिया है कि राहुल गांधी के बयान का असर केवल बिहार तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच गहरा असंतोष फैल चुका है।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …