Thursday , March 19 2026

प्रधान के खिलाफ आरटीआई डालना युवक को पड़ा महंगा, गुर्गों ने किया जानलेवा हमला

रायबरेली। जिले के सलोन कोतवाली क्षेत्र के पूरे कुशल गांव में पारदर्शिता की मांग करना एक युवक को भारी पड़ गया। जानकारी के मुताबिक गांव के ही निवासी युवक ने ग्राम प्रधान की कार्यशैली और विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए आरटीआई (सूचना का अधिकार) डाल दी थी। यही आरटीआई उसके लिए जानलेवा साबित हुई। आरोप है कि प्रधान प्रतिनिधि रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राणा सिंह और उसके आधा दर्जन से अधिक समर्थकों ने मिलकर युवक पर जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित युवक का कहना है कि उसने ग्राम प्रधान से जुड़े भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की जानकारी हासिल करने के लिए आरटीआई डाली थी। इसी बात से बौखलाकर प्रधान पक्ष ने सुनियोजित तरीके से उस पर हमला किया।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने सलोन कोतवाली में लिखित तहरीर देकर प्रधान प्रतिनिधि और अन्य हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित युवक विकास सिंह ने बताया कि वह सिर्फ पारदर्शिता और विकास कार्यों की वास्तविक जानकारी चाहता था, लेकिन प्रधान पक्ष ने उसकी आवाज दबाने की कोशिश की। उसने कहा कि चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, वह भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा।

इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि गांव स्तर पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करने की कोशिश करने वालों को किस तरह दबाया और डराया जाता है। स्थानीय लोग घटना से आक्रोशित हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।

Check Also

Sirsi Makhadumpur Phoolsinha conflict-संभल में 160 बीघा सरकारी जमीन पर विवाद, दलित परिवार और ग्रामीण आमने-सामने

संभल (उत्तर प्रदेश)। जनपद संभल के थाना हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र के नगर पंचायत सिरसी और …