Saturday , March 21 2026

एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील के लेखपाल को घूस लेते हुए रंगेहाथ किया गिरफ्तार…

एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील के नकराही गांव के लेखपाल अशोक कुमार सिंह को घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया है। टीम अपने साथ लेखपाल को लेकर चली गई है। बताया जा रहा है कि गोसाईंगंज थाने में उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि काेतवाली नगर में इस मामले की शिकायत अभी तक नहीं की गई है।
अशोक सिंह पर आरोप लगा है कि जमीन की खरीद फरोख्त में इन दिनों वह भू माफिया के संपर्क में था। किसी व्यक्ति से जमीन के संबंध में इनके द्वारा घूस की मांग की गई थी। नहीं देने पर काम नहीं किया जा रहा था। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस के भ्रष्टाचार निवारण संगठन से की। इस पर टीम ने कार्रवाई की। पीड़ित ने लेखपाल को रुपये देने के लिए तहसील सदर के गेट पर बुलाया। इस पर वह बाइक लेकर पहुंचा, जैसे ही उसने रुपये लिए मौके पर मौजूद टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। विवादों से रहा है पुराना नाता : अशाेक सिंह लेखपाल संघ अध्यक्ष भी था। उसका विवादों से पुराना नाता रहा है। अधिकारियों के चहेते अशाेक की क्षेत्र के भू माफिया से अच्छे संबंध बताए जाते हैं। बताया जा रहा है कि अहिमाने ग्राम सभा का लेखपाल रहते हुए उसने अकूत संपत्ति अर्जित की थी। वह ग्राम पंचायत की मुहर अपने साथ लेकर चलता था। नेवादा इसहाकपुर में तैनाती के दौरान भी उस पर कई बार आरोप लगे थे। वर्तमान में वह परिवार के साथ मधुसूदन इंटर कालेज के पास घोसियाना मुहल्ले में मकान बनाकर रह रहा है। लेखपाल संघ के अध्यक्ष राधेश्याम शुक्ल का कहना है कि अशोक सिंह पर लगे आरोप निराधार हैं। साजिशन फंसाने की कोशिश की जा रही है। काेतवाल राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि इस संबंध में अब तक लिखित सूचना नहीं मिली है। तहरीर मिलने एफआइआर दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

public distribution system India-बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों ने की शिकायत

बहराइच में कोटेदार पर घटतौली का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश बहराइच जिले के नानपारा तहसील …